best news portal development company in india

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 10 दुकानों का हुआ भूमिपूजन

SHARE:

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 10 दुकानों का हुआ भूमिपूजन

आमला में 28 लाख की लागत से बनेंगे शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

आमला। जनपद पंचायत आमला द्वारा क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। जनपद के पास उपलब्ध रिक्त भूमि पर 15वें वित्त आयोग की राशि से 28 लाख की लागत से इस भवन का निर्माण होगा। भूमिपूजन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री डी.डी. उईके, विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और समाजसेवी मुकेश खंडेलवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। जनपद स्तर पर यह पहली बार होगा जब इतनी सुव्यवस्थित और आधुनिक दुकानों वाला कॉम्प्लेक्स ग्रामीण अंचल को उपलब्ध कराया जाएगा। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में भी उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने इसे क्षेत्र की बड़ी सौगात बताया। विधायक डॉ. पंडाग्रे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि रोजगार के लिए अच्छा और सुव्यवस्थित बाजार आवश्यक है। ग्रामीणों की छोटी-बड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए दुकानों की यह श्रृंखला काम आएगी और साथ ही नए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत का वर्तमान भवन जर्जर हो चुका है और अब इसकी जगह एक नया भवन हसलपुर में बनाया जाएगा। इसके लिए 2 एकड़ भूमि पहले ही प्राप्त हो चुकी है और शीघ्र ही प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य आरंभ होगा।

रोजगार और विकास की दिशा में बड़ा कदम

भूमिपूजन अवसर पर समाजसेवी मुकेश खंडेलवाल ने कहा कि इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। ऐसा भवन बने जो आने वाले 100 वर्षों तक मजबूती से खड़ा रह सके और ग्रामीणों को लंबे समय तक सुविधा देता रहे। उन्होंने कहा कि दुकानों से रोजगार के अवसर मिलेंगे और स्थानीय युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने का बेहतर अवसर मिलेगा। साथ ही यहां आने वाले लोग आसपास की अन्य सेवाओं का भी लाभ ले सकेंगे जिससे आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष गणेश यादव ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया और कहा कि यह कॉम्प्लेक्स ग्रामीण अंचल में विकास की नई पहचान बनेगा। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर लोगों की आय और सुविधा बढ़ाने के लिए लगातार योजनाएं बनाई जा रही हैं। कार्यक्रम का संचालन जनपद उपाध्यक्ष किशनसिंह रघुवंशी ने किया जबकि आभार प्रदर्शन जिला भाजपा उपाध्यक्ष नरेंद्र गड़ेकर ने व्यक्त किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जनपद सीईओ संजीत श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार एस.बी. समेले, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामकिशोर देशमुख, नवनियुक्त भाजपा जिला मंत्री संजय सूर्यवंशी समेत जनपद सदस्यगण, भाजपा पदाधिकारी, पत्रकार और आमजन भी इस अवसर पर मौजूद रहे। सभी ने इस परियोजना की सराहना की और इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने वाला कदम बताया।

*ट्रेनों के स्टॉपेज को लेकर सौंपा ज्ञापन*

कार्यक्रम के उपरांत सामाजिक संगठनों ने केंद्रीय मंत्री डी.डी. उईके को क्षेत्र की प्रमुख समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने बताया कि आमला सहित जिले के कई हिस्सों में ट्रेनों के स्टॉपेज की समस्या बनी हुई है। इसके चलते स्थानीय यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है और आसपास के कस्बों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय और खर्च करना पड़ता है। संगठनों ने मांग रखी कि क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए आमला स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का स्टॉपेज सुनिश्चित किया जाए। केंद्रीय मंत्री डी.डी. उईके ने कहा कि रेलवे स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आमला सहित जिले के प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था को लेकर जल्द सकारात्मक पहल की जाएगी। इस मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बल्कि क्षेत्र के विकास से भी जुड़ा हुआ विषय है।ग्रामीणों ने भी मंत्री से मुलाकात कर रोजगार सृजन और बाजार की सुविधा बढ़ाने की मांग रखी। मंत्री ने कहा कि जनपद में शुरू हुई शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाएं विकास की दिशा में बड़ा कदम हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीण अंचल की तस्वीर तेजी से बदलेगी।

Amla Update
Author: Amla Update

Leave a Comment