best news portal development company in india

करंट लगने से लाइनमैन बिजली पोल से सड़क पर गिरा दोनों हाथ और छाती झुलसे, जिला अस्पताल रेफर मौके पर मचा हड़कंप

SHARE:

करंट लगने से लाइनमैन बिजली पोल से सड़क पर गिरा दोनों हाथ और छाती झुलसे, जिला अस्पताल रेफर मौके पर मचा हड़कंप

बिजली गुल होने पर लाइन ठीक करने चढ़ा था पोल पर

आमला। नगर में देर शाम बस्ती क्षेत्र की बिजली गुल हो गई थी। सराफ मार्केट में पुराने थाने के पास बिजली सप्लाई बाधित होने पर बिजली कंपनी का लाइनमैन कुंवरलाल भमरकर लाइन सुधारने पोल पर चढ़ गया। जैसे ही उसने तारों को जोड़ा, अचानक तेज करंट दौड़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक जोरदार आवाज के साथ वह पोल से नीचे सड़क पर गिर पड़ा। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग तुरंत मौके पर दौड़े और बिजली सप्लाई बंद कराई।

घटना के बाद अस्पताल में भर्ती, हालत चिंताजनक

लाइनमैन को गिरे हुए देख मौके पर मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारी और स्थानीय नागरिकों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर सिविल अस्पताल आमला पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
डॉ. एम.आर. वागदरे ने बताया कि करेंट लगने से लाइनमैन के दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं, वहीं छाती का हिस्सा भी जल गया है। शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी चोटें भी आई हैं। इलाज के दौरान वह लगातार दर्द से कराहते रहे। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर रखे हुए है।

घटनास्थल पर तारों में फंसा मिला टॉर्च और गमछा

घटना के बाद जब कर्मचारी दोबारा मौके पर पहुंचे तो देखा कि पोल पर लाइनमैन का टॉर्च और गमछा अब भी तारों में फंसा हुआ था। इससे यह साफ हो गया कि करेंट लगते ही वह संतुलन खो बैठा और नीचे गिर गया। सराफा मार्केट क्षेत्र में कुछ समय तक बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद रखी गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास के लोगों ने कहा कि ऐसे हादसे अक्सर सुरक्षा उपकरणों के अभाव में हो रहे हैं, जिन पर विभाग को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

Amla Update
Author: Amla Update

Leave a Comment